फर्रुखाबाद में संवरेंगे स्ट्रीट वेंडर: DM डॉ. अंकुर लाठर ने किया निरीक्षण, बनेंगे वेंडिंग जोन, मॉडल शॉप और मल्टीलेवल पार्किंग
फर्रुखाबाद और फतेहगढ़ की बदलेगी सूरत, अतिक्रमण से मिलेगी मुक्ति
फर्रुखाबाद। जनपद की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने, स्ट्रीट वेंडरों को बेहतर सुविधाएं देने और शहरी सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देने के लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एक्शन मोड में नजर आ रही हैं। उन्होंने फतेहगढ़ और फर्रुखाबाद नगर क्षेत्र के विभिन्न प्रस्तावित स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर वेंडिंग जोन और मॉडल शॉप विकास की संभावनाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए:
फतेहगढ़ कैंट व सीएमओ ऑफिस क्षेत्र: कैंट क्षेत्र, पीडब्ल्यूडी और सीएमओ कार्यालय के पास के हिस्से को सुव्यवस्थित वेंडिंग जोन के रूप में विकसित किया जाएगा। सुरक्षा और सुंदरता के लिए किनारों पर रेलिंग लगाई जाएगी।
मिशन कंपाउंड व क्रिश्चियन इंटर कॉलेज: मिशन कंपाउंड के सामने के स्ट्रीट वेंडरों का सर्वे कर 'नवयुग योजना' के तहत मॉडल शॉप विकसित करने की कार्ययोजना बनेगी। क्रिश्चियन इंटर कॉलेज मैदान के सामने भी वेंडरों के लिए स्वच्छ और स्थायी मॉडल शॉप बनाई जाएगी।
लाल सराय में मल्टीलेवल पार्किंग: लाल सराय क्षेत्र में स्थित नजूल भूमि का उपयोग मल्टीलेवल पार्किंग और सब्जी विक्रेताओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त वेंडिंग जोन बनाने में किया जाएगा।
इन परियोजनाओं से शहर को अतिक्रमण और जाम से मुक्ति मिलेगी। सभी अधिकारी समयबद्ध ढंग से, गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ इन योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
इस निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहित संबंधित विभागों के तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे।