विशेष बिजली बिल सुधार शिविर में आमजन को राहत, ₹35 हजार का बिल घटकर हुआ ₹15 हजार
=================
ऊर्जा विभाग द्वारा 17 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक बिजली बिल सुधार हेतु विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी श्री कुमार गौरव ने भगवानपुर स्थित विद्युत कार्यालय में आयोजित विशेष बिजली बिल सुधार शिविर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शिविर में पहुंचे उपभोक्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली तथा बिजली बिल सुधार से संबंधित प्राप्त आवेदनों एवं उनके निष्पादन की स्थिति की समीक्षा की।
शिविर में एक महिला उपभोक्ता का ₹35 हजार का बिजली बिल जांच एवं आवश्यक प्रक्रिया के बाद मौके पर ही संशोधित कर ₹15 हजार कर दिया गया। बिल की राशि में हुई बड़ी कमी से महिला उपभोक्ता काफी खुश नजर आईं और उन्होंने जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग के प्रति प्रसन्नता व्यक्त की।
जिलाधिकारी ने संबंधित विद्युत पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त सभी पात्र आवेदनों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपभोक्ताओं को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा उपभोक्ता शिकायतों के समयबद्ध समाधान पर विशेष जोर देते हुए शिविर की प्रभावी मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। साथ ही अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को इस विशेष अभियान का लाभ दिलाने को कहा।
जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की है कि यदि उनके बिजली बिल में किसी प्रकार की त्रुटि या समस्या है, तो वे 22 अगस्त तक आयोजित विशेष शिविर में पहुंचकर अपने बिजली बिल की जांच एवं आवश्यक सुधार अवश्य करवाएं।
#NBPDCL
Energy Department, Bihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar