छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां अज्ञात हत्यारों ने एक बेसहारा शिक्षिका और उसके 18 वर्षीय मासूम बेटे का बेरहमी से कत्ल कर दिया। शुक्रवार सुबह जयनगर थाना क्षेत्र के ग्राम महावीरपुर स्थित कालीघाट रोड पर कार्मेल स्कूल के 12वीं के छात्र सुजल बरेठ की धारदार हथियार से गोदी गई लाश मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस जब शिनाख्त के बाद ममता कॉलोनी स्थित किराए के मकान पर पहुंची, तो दरवाजे पर बाहर से ताला लटका था। अनहोनी की आशंका के बीच शाम को जब परिचितों की मौजूदगी में ताला तोड़ा गया, तो अंदर का खौफनाक मंजर देखकर पुलिसकर्मियों के भी होश उड़ गए कमरे में सुजल की मां और बेलटिकरी स्कूल की शिक्षिका रजनी बरेठ का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा था।
एक ही झटके में हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ देने वाले इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। प्राथमिक आशंका है कि दरिंदों ने पहले घर में शिक्षिका की हत्या की और राज खुलने के डर से छात्र को मौत के घाट उतारकर शव सुनसान सड़क पर फेंक दिया। वारदात की गंभीरता को देखते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने मौके पर पहुंचकर पुलिस को कातिलों की तत्काल गिरफ्तारी के सख्त निर्देश दिए हैं। फॉरेंसिक टीम ने मकान को सील कर सबूत जुटा लिए हैं, लेकिन सवाल अब भी वही है। आखिर बंद कमरे और सुनसान सड़क के बीच ऐसा क्या राज दफन था, जिसने मां-बेटे दोनों को हमेशा के लिए खामोश कर दिया?
#Surajpur #DoubleMurder #ChhattisgarhCrime #SurajpurNews #CrimeUpdate #BreakingNews #JusticeForRajniAndSujal #FatafatNews