बिना हेलमेट और लाइसेंस वाहन चलाने वालों पर प्रशासन का शिकंजा, 80 हजार रुपये का जुर्माना!
गिरिडीह। सड़क सुरक्षा को लेकर गिरिडीह जिला प्रशासन सख्त हो गया है। उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर सरिया में जिला परिवहन पदाधिकारी और ट्रैफिक डीएसपी के संयुक्त नेतृत्व में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
इस दौरान बिना हेलमेट और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करते हुए कुल **80 हजार रुपये का जुर्माना** लगाया गया। साथ ही वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, लाइसेंस रखने और यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने स्पष्ट कहा कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जांच और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाकर लोगों की जान सुरक्षित रखना है।