गिरिडीह। संविधान दिवस के पावन अवसर पर दलित समाज के मुख्य संरक्षक व झामुमो नेता नागेश्वर दास ने भारत रत्न एवं भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान उन्होंने बाबा साहेब को नमन करते हुए उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
मौके पर नागेश्वर दास ने कहा कि भारतीय संविधान देश की एकता, अखंडता, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार है। संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी बोध कराता है। उन्होंने सभी देशवासियों से अपील की कि हम सब मिलकर संविधान की रक्षा करें और संविधान में बताए गए मार्ग पर चलते हुए देश की एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाएं।
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचार आज भी पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत हैं। संविधान का सम्मान करना और उसके मूल्यों को अपने जीवन में अपनाना ही बाबा साहेब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।