डीसी साहिल गुप्ता ने विकास संकल्प जनसभा को लेकर किया बवानीखेड़ा अनाज मंडी का दौरा
छह सितंबर को आयोजित होगी विकास संकल्प जनसभा
डीसी ने जनसभा स्थल पर सुरक्षा, पेयजल, बिजली, सफाई, बैरीगेटिंग और पार्किंग की पुख्ता व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
बवानीखेड़ा, 04 सितंबर। कस्बा स्थित अनाज मंडी में छह सितंबर को विकास संकल्प जनसभा आयोजित होगी, जिसमें प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि होंगे तथा अध्यक्षता विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि करेंगे। जनसभा को लेकर डीसी साहिल गुप्ता ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ वीरवार को अनाज मंडी का दौरा किया। उन्होंने यहां पर जनसभा की तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं दूसरी ओर अनाज मंडी में पहुंचने से पहले डीसी ने कस्बे के राजकीय महिला महाविद्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों के साथ जनसभा की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की। इस दौरान एडीसी दीपक बाबू लाल करवा, एसडीएम महेश कुमार, डीएमसी हरबीर सिंह और नगर पालिका चेयरमैन सुंदर अत्री भी मौजूद रहे।
डीसी ने अनाज मंडी में जनसभा की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने यहां पर लगाए जा रहे पंडाल की व्यवस्था को बारीकी से देखा। उन्होंने निर्देश दिए कि महिलाओं और पुरुषों के लिए बैठने के लिए अलग-अलग ब्लॉक बनाए जाएं। जनसभा में बैठने को लेकर किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। डीसी ने मुख्य मंच की व्यवस्था को देखा। डीसी ने मंडी परिसर में हेलीपेड स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि हेलीपेड पर सफाई व्यवस्था दुरूस्त हो। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि मुख्य मंच के अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए अलग से मंच बनेगा, जहां से कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। इसी प्रकार से पत्रकारों- छायाकारों के लिए अलग से मीडिया गैलरी बनेगी ताकि जनसभा की कवरेज करने में किसी प्रकार की परेशानी ना हो।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ पेयजल, बिजली आपूर्ति, साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, वाहन पार्किंग की व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसभा में आने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को अस्पताल में अलग से सेफहाऊस बनाने के निर्देश दिए। इसी प्रकार से डीसी ने अग्रिशमन विभाग को उचित जगहों पर गाडिय़ां लगाने के निर्देश दिए। डीसी ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि कस्बे के सभी प्रवेश सडक़ मार्गों की मरम्मत की जाए ताकि लोगों को जनसभा में आने के दौरान दिक्कत ना हो। उन्होंने बिजली निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि कहीं पर बिजली के तार लटकते हालात में न हों। मंडी परिसर में वायरिंग को बारीकी से चेक किया जाए। उन्होंने पुलिस विभाग को निर्देश दिए जरूरी जगहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। इसके साथ ही जनसभा में आने वाले लोगों को जनसभा स्थल के बारे में जानकारी दी जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि कस्बे में वाहनों के कारण जाम की स्थिति नही बननी चाहिए। जनसभा स्थल के आसपास रिकवरी वैन व के्रन का प्रबंध जरूर हो ताकि किसी भी वाहन में अचानक खराबी आने के चलते उसको वहां उचित जगह पर ले जा सके।
डीसी ने जनसभा स्थल व आसपास क्षेत्र में उचित बैरिकेडिंग करने और वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त एवं व्यवस्थित स्थान निर्धारित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था इस प्रकार बनाई जाए कि जनसभा में आने वाले लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। डीसी ने नगर पालिका व मार्केट कमेटी अधिकारियों को अनाज मंडी क्षेत्र व कस्बे में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
अनाज मंडी परिसर में पहुंचने से पहले डीसी ने सभी सबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ कस्बा स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय में बैठक की। इस दौरान जनस्वास्थ अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षक अभियंता सुनील रंगा, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी सोमबीर कादयान, तहसीलदार जयबीर सिंह, डीआईओ अमित लांबा, लोक निर्माण विभाग के कार्यकारी अभियंता लोकेश डागर सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।