मुख्यमंत्री की विकास संकल्प रैली को लेकर शक्ति केंद्र की बैठक में जिम्मेदारियां तय, उमड़ेगा जनसैलाब
मुख्यमंत्री की विकास संकल्प रैली पूरे क्षेत्र के विकास को देगी नई दिशा : रमेश बूरा
भिवानी, 04 सितंबर : कस्बा बवानीखेड़ा में 6 सितंबर को आयोजित होने वाली मुख्यमंत्री की विकास संकल्प रैली को लेकर क्षेत्र के लोगों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। इस रैली को ऐतिहासिक बनाने और गांव प्रेमनगर से भारी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को शक्ति केंद्र प्रेमनगर में एक अति आवश्यक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में रैली की तैयारियों को अंतिम रूप देते हुए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। शक्ति केंद्र प्रेमनगर में आयोजित इस विशेष बैठक में स्थानीय प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बूथ स्तर के पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान रैली की तैयारियों, प्रचार-प्रसार और ग्रामीणों की रवानगी को लेकर गहन मंथन हुआ। उपस्थित सदस्यों में रैली को लेकर जबरदस्त जोश देखने को मिला और सभी ने एक स्वर में गांव से सैकड़ों की संख्या में लोगों को रैली स्थल तक पहुंचाने का संकल्प लिया। बैठक को संबोधित करते हुए शक्ति केंद्र प्रभारी एवं सेवानिवृत्त प्राचार्य रमेश बूरा ने कहा कि मुख्यमंत्री की विकास संकल्प रैली पूरे क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगी। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि हमें एकजुट होकर रैली को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाना है और हमारे लोकप्रिय विधायक कपूर वाल्मीकि जी के हाथों को मजबूत करना है। रमेश बूरा ने बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं के बीच प्रचार सामग्री, बैनर, पोस्टर, झंडे और वाहनों की व्यवस्था की अलग-अलग जिम्मेदारियां बांटीं, ताकि रैली के दिन ग्रामीणों को ले जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। रैली में गांव प्रेमनगर से जाने वाले विशाल जत्थे के कुशल प्रबंधन के लिए राजेश कुमार सरपंच को जत्थे का संयोजक और सोहिल उर्फ विक्की को सह-संयोजक नियुक्त किया गया है। दोनों पदाधिकारी गांव में घर-घर जाकर संपर्क साधेंगे और ग्रामीणों को रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित करेंगे। बैठक में केवल रैली की तैयारियों तक ही बात सीमित नहीं रही, बल्कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जाने वाले सेवा संकल्प अभियान पर भी विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि इस एक महीने के दौरान अधिक से अधिक जन-सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी और सामाजिक सेवा के विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बैठक में एस.आई.आर प्रक्रिया की वर्तमान प्रगति की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर शक्ति केंद्र प्रमुख जोगेंद्र सिंह बूरा, सरपंच राजेश कुमार, शक्ति केंद्र प्रभारी रमेश बूरा, शिक्षा समिति महासचिव प्रमुख जयबीर सिंह बरवर, बूथ अध्यक्ष रणधीर सिंह, सोहिल उर्फ विक्की, कृष्ण कुमार, बीएलए-2 साहिल दहिया, मंजीत गोगलिया, अंबेडकर महासभा की तरफ से योगेश गोठवाल, महर्षि वाल्मीकि युवा शक्ति संयोजक गोविंदा, बलवान पंच, जुगप्रवेश, युवा प्रमुख साहिल, धर्मबीर, भंवर सिंह सहित अनेक गणमान्य ग्रामीण एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।