श्री महावीर जैन स्कूल में हर्षाल्लास से मनाया जन्माष्टमी पर्व, विद्यार्थियों ने मोहा मन
सत्य, निष्काम कर्म और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है भगवान श्रीकृष्ण का जीवन : पुष्पा देवी
भिवानी, 04 सितंबर : स्थानीय हालु बाजार स्थित श्री महावीर जैन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व अत्यंत धूमधाम और श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को रंग-बिरंगे गुब्बारों, फूलों और पारंपरिक झालरों से सजाया गया था। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने राधा-कृष्ण के बाल रूपों की मनमोहक झांकियां प्रस्तुत कीं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सभी का दिल जीत लिया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भिवानी के विधायक घनश्याम सर्राफ व उनकी धर्मपत्नी प्रेमलता सर्राफ ने शिरकत की। वहीं, विद्यालय प्रबंधन समिति के सचिव अरुण जैन तथा उनकी धर्मपत्नी निशा जैन विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पहुंचने पर विद्यालय की प्राचार्या पुष्पा देवी ने अतिथियों को बुके भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। इसके बाद नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत माखन चोरी, मटकी फोड़ तथा रासलीला के दृश्यों ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया। विद्यार्थियों ने कृष्ण भक्ति पर आधारित भजनों और लोकनृत्यों की एक से बढकऱ एक प्रस्तुतियां दीं। विद्यालय की प्राचार्या पुष्पा देवी ने जन्माष्टमी पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान श्री कृष्ण का जीवन हमें सत्य, निष्काम कर्म और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजनों से बच्चों में हमारी महान परंपराओं, नैतिक मूल्यों और संस्कृति के प्रति जागरूकता तथा सम्मान की भावना पैदा होती है। प्राचार्या ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कार्यक्रमों की सराहना की और सभी को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। समारोह के अंत में मुख्य अतिथियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का समापन माखन-मिश्री के प्रसाद वितरण के साथ हुआ।