समाहरणालय, बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 10 सितम्बर 2026
मिशन ज्ञानार्जन के तहत विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं कौशल को नई दिशा देने की पहल
बक्सर जिले में विद्यार्थियों की शैक्षणिक क्षमता, रचनात्मक प्रतिभा एवं कौशल को पहचानने तथा उन्हें उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप उचित अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘मिशन ज्ञानार्जन’ के तहत निरंतर पहल की जा रही है।
जिला प्रशासन द्वारा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी रुचि, क्षमता एवं भविष्य की आकांक्षाओं को समझने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम आधारित शिक्षा तक सीमित न रखते हुए विज्ञान, तकनीक, नवाचार, कला, खेल एवं अन्य रचनात्मक क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।
इसी क्रम में जिले के विद्यालयों में विद्यार्थियों के कौशल मानचित्रण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि उनकी अभिरुचि एवं क्षमता के अनुरूप मार्गदर्शन तथा अवसर उपलब्ध कराया जा सके। विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक एवं गतिविधि आधारित सीखने के लिए भी निरंतर प्रेरित किया जा रहा है।
विद्यालय स्तर पर विज्ञान एवं नवाचार से संबंधित गतिविधियों, परियोजनाओं एवं प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों में जिज्ञासा, तार्किक सोच, रचनात्मकता एवं समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला पदाधिकारी द्वारा मिशन ज्ञानार्जन की समीक्षा के दौरान संबंधित पदाधिकारियों एवं शिक्षकों को निर्देश दिया गया है कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को पहचानने के लिए विद्यालय स्तर पर नियमित गतिविधियां आयोजित की जाएं तथा प्रतिभावान विद्यार्थियों को उचित मंच, मार्गदर्शन एवं अवसर उपलब्ध कराया जाए।
इसी क्रम में दिनांक 12.09.2026 को राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, बक्सर में ‘World Being’ संस्था द्वारा जिले के विभिन्न विद्यालयों से चयनित 150 प्रतिभागी शिक्षकों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं कौशल की पहचान, उनके समग्र विकास तथा उनकी अभिरुचि के अनुरूप मार्गदर्शन के लिए आवश्यक जानकारी एवं तकनीकों से अवगत कराया जाएगा।
इसके पश्चात दिनांक 19.09.2026 को नगर भवन बक्सर में विज्ञान मेला का आयोजन किया जाएगा। विज्ञान मेले के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता एवं नवाचार को प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान एवं नवाचार आधारित परियोजनाओं एवं मॉडलों का प्रदर्शन किया जाएगा।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि बक्सर के प्रत्येक विद्यार्थी को अपनी प्रतिभा पहचानने, उसे विकसित करने तथा अपने सपनों को साकार करने का अवसर मिले। विद्यार्थियों में जिज्ञासा, रचनात्मकता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं आत्मविश्वास का विकास करते हुए उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना ‘मिशन ज्ञानार्जन’ का प्रमुख उद्देश्य है। यह पहल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में जिला प्रशासन का एक सतत एवं प्रतिबद्ध प्रयास है।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans CMO Bihar Samrat Choudhary Buxar Administration Buxar Police Information & Public Relations Department, Government of Bihar जिला प्रशासन बक्सर Bihar Education Department #IPRDBihar #BuxarNews #buxarcity #buxarjila #bihar #buxar
Buxar, Bihar | Sep 10, 2026