#बालाघाट
नक्सल प्रभावित देवरबेली में बैगा-गोंड जनजाति के किसानों को मिला उड़द मिनीकिट बीज
कृषि विकास को बढ़ावा देने आदिवासी किसानों तक पहुंची कृषि विभाग की योजना
बालाघाट जिले के लांजी विकासखंड की आदिवासी बाहुल्य ग्राम पंचायत देवरबेली में कृषि विभाग द्वारा बैगा एवं गोंड जनजाति के किसानों को उड़द मिनीकिट बीज का वितरण किया गया। क्षेत्र के किसानों को उन्नत खेती से जोड़ने और दलहन उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से यह वितरण अभियान चलाया गया।
उप संचालक कृषि श्री फूलसिंह मालवीय ने बताया कि 2 जुलाई 2027 को कृषि विभाग की कृषि विस्तार अधिकारी द्वारा बैगा एवं गोंड जनजाति के कृषकों को उड़द मिनीकिट बीज वितरित किए गए। इस दौरान किसानों को उन्नत किस्म के बीजों के उपयोग, वैज्ञानिक खेती और दलहन उत्पादन बढ़ाने के संबंध में भी जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि देवरबेली ग्राम पूर्व में नक्सल प्रभावित क्षेत्र रहा है। अब नक्सल गतिविधियों के खात्मे के बाद शासन द्वारा इस क्षेत्र के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, तकनीकी मार्गदर्शन और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि आदिवासी किसान आत्मनिर्भर बन सकें और उनकी आय में वृद्धि हो।
कृषि विभाग का मानना है कि उड़द मिनीकिट वितरण जैसे कार्यक्रम न केवल दलहन उत्पादन बढ़ाने में सहायक होंगे, बल्कि आदिवासी किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़कर उनके आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। शासन की यह पहल नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास और विश्वास दोनों को मजबूत करने का माध्यम बन रही है।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#minmpkrishi
#WelfareTribal