#बालाघाट
साइबर जागरूकता रैली एवं '1930' की भव्य कलाकृति से खिलाड़ियों ने दिया सुरक्षा का संदेश
खिलाड़ियों एवं आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस विभाग बालाघाट की साइबर सेल, खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा जिला एथलेटिक्स संघ के संयुक्त तत्वावधान में "सेफ क्लिक 2.0" अभियान के अंतर्गत साइबर जागरूकता रैली एवं जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
साइबर सेल प्रभारी मेघा तिवारी, जिला खेल अधिकारी राहुल बारेसा एवं जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष नरेश धुवारे के मार्गदर्शन में स्टेडियम परिसर से खिलाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रैली रवाना किया गया। रैली के दौरान खिलाड़ियों ने "यदि करना है साइबर अपराध से बचाव, तो 1930 पर करें कॉल" सहित विभिन्न जागरूकता संबंधी नारे लगाकर लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
रैली के उपरांत स्टेडियम परिसर में आयोजित कार्यक्रम में साइबर सेल प्रभारी मेघा तिवारी ने खिलाड़ियों एवं उनके अभिभावकों को साइबर अपराध, डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन ठगी और फर्जी कॉल से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यदि किसी व्यक्ति की सिम का कोई अन्य व्यक्ति दुरुपयोग कर रहा है, तो "साथी ऐप" के माध्यम से इसकी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। साथ ही किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या डिजिटल अपराध होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण खिलाड़ियों द्वारा कराटे मैट से तैयार की गई '1930' की भव्य कलाकृति रही, जिसके माध्यम से साइबर सुरक्षा का प्रभावी संदेश दिया गया। खेल एवं युवा कल्याण विभाग के इस अभिनव प्रयास की उपस्थित सभी अधिकारियों एवं खिलाड़ियों ने सराहना की।
इस अवसर पर विभागीय कार्यालय से धीरज डोंगरे, अरविंद पटेल, योगेंद्र पटले, केदारनाथ ठाकरे, शशि वर्मा, खेलो इंडिया कोच आशु पवार, युवा समन्वयक रीना रतनेरे, लव कुमार नगपुरे, बैडमिंटन कोच अमित उईके, विभागीय कर्मचारी सतीश लिल्लारे, कोच पवन कुमार सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी, प्रशिक्षक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #MPSports
#CyberAwareness
54 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jul 3, 2026