#बालाघाट
उपसंचालक डॉ. अरुण कुमार नेमा ने बिरसा विकासखंड का किया निरीक्षण
पशुपालन योजनाओं की समीक्षा, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति के दिए निर्देश
पशुपालन एवं डेयरी विभाग, जिला बालाघाट के उपसंचालक डॉ. अरुण कुमार नेमा ने विकासखंड बिरसा का भ्रमण कर विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने प्रगतिशील पशुपालकों से संवाद कर उन्हें विभाग की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने तथा आधुनिक पशुपालन एवं डेयरी व्यवसाय अपनाकर आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
भ्रमण के दौरान डॉ. नेमा ने प्रगतिशील पशुपालक श्री योगेश ठाकरे द्वारा संचालित दुग्ध संकलन केंद्र एवं पशु आहार केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना के अंतर्गत प्रस्तुत आवेदन के लिए प्रस्तावित स्थल का भी अवलोकन कर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। इसके बाद विकासखंड बिरसा के विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, मैत्री कार्यकर्ताओं एवं गौसेवकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। अपेक्षित उपलब्धि प्राप्त नहीं करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान क्षीर धारा ग्राम योजना पर विशेष जोर देते हुए चयनित गांवों में प्रजनन योग्य मादा पशुओं का अधिक से अधिक कृत्रिम गर्भाधान कराने तथा सेक्स-सॉर्टेड सीमेन के उपयोग से नस्ल सुधार कार्यक्रम को गति देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि इससे दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के साथ पशुपालकों की आय में भी वृद्धि होगी। बैठक में विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा समुदाय के लिए संचालित धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान एवं मुख्यमंत्री दुधारू पशु प्रदाय योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। डॉ. नेमा ने विकासखंड के सभी पशु चिकित्सा अधिकारियों को इन योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. धनवान शाह, डॉ. राकेश शील, डॉ. राजेश कुमार शेंडे, डॉ. खेमचन्द्र भालेकर सहित विभागीय कर्मचारी, मैत्री कार्यकर्ता एवं गौसेवक उपस्थित रहे।
#CMMadhyaPradesh #mp_husbandry #JansamparkMP
8 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Jul 3, 2026