अररिया पेंशन उत्सव: अररिया के 3 लाख से अधिक पेंशनधारियों के खाते में भेजी गई ₹35.39 करोड़ की राशि
बिहार सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के अंतर्गत गुरुवार को राज्यभर में “पेंशन उत्सव” मनाया गया। इसी क्रम में अररिया स्थित एनआईसी सभागार में जिलाधिकारी श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभुक उपस्थित रहे।
राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी द्वारा डीबीटी के माध्यम से पेंशनधारियों के बैंक खातों में सीधे पेंशन राशि अंतरित की गई। सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि में उल्लेखनीय वृद्धि करते हुए इसे लगभग तीन गुना बढ़ाकर ₹1100 प्रतिमाह किया गया है। इससे वृद्धजनों, विधवाओं एवं दिव्यांगजनों को अपनी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में आर्थिक सहायता मिल रही है।
अररिया जिले में अगस्त 2026 माह के लिए विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत कुल 3,00,633 पेंशनधारियों को लाभान्वित किया गया। इनके बैंक खातों में कुल ₹35,39,05,100 (पैंतीस करोड़ उनतालीस लाख पांच हजार एक सौ रुपये) की राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई।
जिले में मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के तहत 1,64,808 लाभुकों को ₹20,12,91,000, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत 73,503 लाभुकों को ₹8,12,02,200, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 12,273 लाभुकों को ₹1,41,33,000, इन्दिरा गाँधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के तहत 21,930 लाभुकों को ₹2,49,73,800,
बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के तहत 26,893 लाभुकों को ₹3,09,48,800 तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के तहत 1,226 लाभुकों को ₹13,56,300 की राशि प्रदान की गई।
सामाजिक सुरक्षा पेंशन का मुख्य उद्देश्य समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को सम्मान, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक संबल प्रदान करना है। डीबीटी के माध्यम से सीधे लाभुकों के बैंक खातों में राशि भेजे जाने से पेंशन वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है। एनआईसी सभागार में उपस्थित लाभुकों ने पेंशन राशि में वृद्धि और सीधे खाते में राशि हस्तांतरण के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
Araria, Araria | Sep 10, 2026