अररिया नगर निकायों के कार्यों की जिलाधिकारी ने की समीक्षा, कचरा प्रबंधन एवं वेंडिंग जोन को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
अररिया जिला पदाधिकारी विनोद दूहन की अध्यक्षता में बुडको/नगर निकायों के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ठोस कचरा प्रबंधन को प्रभावी बनाने, पुराने कचरे के निस्तारण तथा व्यवस्थित वेंडिंग जोन के निर्माण को लेकर संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स के तहत सभी नगर निकायों में विभागीय निर्देशानुसार मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी एवं कंपोस्ट प्लांट के निर्माण की दिशा में तेजी से कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को भूमि की उपलब्धता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा कराने को कहा।
बैठक में नगर परिषद अररिया क्षेत्र के हरियाली मार्केट में पड़े पुराने कचरे (लेगेसी वेस्ट) के निस्तारण को लेकर भी विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद अररिया को यथाशीघ्र आवश्यक संयंत्र स्थापित कर पुराने कचरे का निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि पुराने कचरे के निस्तारण के बाद उक्त स्थल को खाली कराकर वहां व्यवस्थित वेंडिंग जोन का निर्माण कराया जाए, ताकि स्थानीय फुटपाथी दुकानदारों एवं वेंडरों को व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जा सके और बाजार क्षेत्र की स्वच्छता एवं व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
जोगबनी नगर निकाय के प्रस्तावित वेंडिंग जोन की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद जोगबनी को प्रस्तावित वेंडिंग जोन को जल्द से जल्द क्रियाशील करने तथा इससे संबंधित सभी आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों में कचरे के पृथक्करण, संग्रहण, प्रसंस्करण एवं निस्तारण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को कार्यों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
Araria, Araria | Sep 10, 2026