सीओ धनघटा ने किया थाना महुली का त्रैमासिक निरीक्षण, महिला कांस्टेबल ललिता को उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मिली 'गुड एंट्री'
संतकबीरनगर, 05 जुलाई। पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर श्री संदीप कुमार मीना के आदेश के क्रम में क्षेत्राधिकारी धनघटा श्री अभयनाथ मिश्र ने रविवार को थाना महुली का त्रैमासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर, कार्यालय, मालखाना, हवालात, भोजनालय, बैरक, शस्त्रागार एवं अन्य शाखाओं का सूक्ष्म निरीक्षण कर संबंधित अभिलेखों एवं व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ने शस्त्रागार में उपलब्ध समस्त असलहों एवं कारतूसों का अभिलेखों से मिलान कराया तथा उनके सुरक्षित रख-रखाव की समीक्षा की। साथ ही विभिन्न रजिस्टरों एवं अभिलेखों की प्रविष्टियों की जांच कर उन्हें अद्यतन एवं त्रुटिरहित रखने के निर्देश दिए। थाना परिसर में लंबे समय से खड़े वाहनों के निस्तारण की प्रगति की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विधिक प्रक्रिया के अनुरूप शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।इस दौरान महिला कांस्टेबल ललिता ने असलहों के संबंध में उत्कृष्ट जानकारी का प्रदर्शन करते हुए शस्त्रों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार खोलने एवं पुनः जोड़ने (स्ट्रिपिंग एवं असेम्बलिंग) का कुशल प्रदर्शन किया। उनकी दक्षता, आत्मविश्वास एवं तकनीकी जानकारी से प्रभावित होकर क्षेत्राधिकारी श्री अभयनाथ मिश्र ने उन्हें 'गुड एंट्री' प्रदान कर सम्मानित किया तथा अन्य पुलिसकर्मियों को भी नियमित प्रशिक्षण एवं अभ्यास के माध्यम से अपनी कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।क्षेत्राधिकारी ने थाना परिसर एवं कार्यालय की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा अनुशासित कार्य वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि जनसुनवाई पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक फरियादी के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करते हुए उसकी शिकायत का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने अपराध नियंत्रण, प्रभावी गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की सतत निगरानी, महिला सुरक्षा, विवेचनाओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा सामुदायिक पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के भी निर्देश दिए। निरीक्षण के अंत में उन्होंने कहा कि "जनता का विश्वास, पुलिस का प्रयास" के मूल मंत्र के साथ थाना महुली पुलिस जनसेवा, कानून-व्यवस्था एवं नागरिक सुरक्षा के प्रति पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करती रहे।