🚨फर्जी शादी के नाम पर 99 हजार की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 2 आरोपी गिरफ्तार🚨
शिवपुरी- पिछोर पुलिस ने फर्जी शादी के नाम पर ठगी और मारपीट करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 13.07.2026 को आवेदिका प्रीति पत्नी सुधीर फोगाट, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम घेंगोला तहसील सोहना जिला गुरुग्राम हरियाणा ने शिकायत दर्ज कराई थी। आवेदिका का आरोप है कि कल्ला लोधी, शिवानी लोधी, प्राण सिंह यादव और उनके 2 अन्य अज्ञात साथियों ने पूर्व योजना बनाकर योगेन्द्र से वास्तविक विवाह कराने का झूठा विश्वास दिलाया। इसके बाद आरोपियों ने फोन-पे के माध्यम से आवेदिका से 99,000 रुपये ले लिए।
रुपये लेने के बाद आरोपियों ने पूर्व निर्धारित स्थान पर आवेदिका और उनके परिजनों का रास्ता रोककर अतिरिक्त धनराशि की मांग की। पैसे नहीं देने पर आवेदिका के साथ मारपीट कर चोट पहुंचाई गई, वाहन में तोड़फोड़ की गई और शिवानी को अपने साथ ले गए। साथ ही पुलिस में रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
आवेदिका की शिकायत पर थाना पिछोर में अपराध क्रमांक 332/26, धारा 119(1), 318(4), 126(2), 115(2), 324(4), 351(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश और एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नीतू सिंह की टीम ने आज दिनांक 18.07.26 को आरोपी कल्ला उर्फ प्रेमकुमार लोधी निवासी ग्राम परतापुरा और शिवानी लोधी निवासी ग्राम सेमरी थाना पिछोर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध करना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों को माननीय न्यायालय पिछोर में पेश किया, जहां से उन्हें उप जेल पिछोर दाखिल किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नीतू सिंह, उनि रामकिशोर जोशी, उनि अरविंद सागर, प्रआर रामहेत सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि विवाह जैसे रिश्तों के नाम पर होने वाली किसी भी फर्जी गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने को दें।
Pichhore, Shivpuri | Jul 18, 2026