बोलबम कांवरिया संघ मिर्जापुर का जत्था देवघर रवाना, बोले बैध जी—कांवर वही उठाते हैं, जिन्हें भोलेनाथ बुलाते हैं
बेतिया। सावन के पावन महीने में बोलबम कांवरिया संघ मिर्जापुर पारस पकड़ी का जत्था मंगलवार को वैध हुकुम मियां के नेतृत्व में बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना हुआ। मुस्लिम समुदाय से होने के बावजूद वैध हुकुम मियां की भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था है। वे प्रत्येक वर्ष अपने खर्च पर करीब एक दर्जन हिंदू श्रद्धालुओं को देवघर ले जाकर जलाभिषेक कराते हैं।
यात्रा रवाना होने से पहले वैध जी ने कहा, “इरादे लाख बनते हैं, बनकर टूट जाते हैं, कांवर वही उठाते हैं, जिन्हें भोलेनाथ बुलाते हैं।” उनके साथ जा रहे शिक्षाविद सनत कुमार होत्री ने कहा कि वैध जी की दुआ और दवा दोनों प्रसिद्ध हैं। मझौलिया स्थित उनकी कार्यशाला और गौशाला भी क्षेत्र में चर्चित है, जहां पशुओं की देखभाल और गौ पूजा की जाती है। वैध जी जात-पात में विश्वास नहीं रखते। उनका कहना है कि इंसानियत ही सबसे बड़ी पहचान है। उनकी यह पहल सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की मिसाल बनी हुई है।
Bettiah, West Champaran | Aug 12, 2026