60 महिलाओं से ठगी, फाइनेंस कार्यालय बंद: बीमा के नाम पर कंपनी ने लगाया चूना, जगदीशपुर थाना प्रभारी ने कार्रवाई का भरोसा दिया
जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कठैया बिशनपुरा में एक कथित फाइनेंस कार्यालय पर करीब 60 महिलाओं से ठगी का आरोप लगा है। समाधान माइक्रो क्रेडिट प्राइवेट लिमिटेड नामक यह कार्यालय अब बंद पाया गया है।
पीड़ित महिलाओं के अनुसार, उनसे फाइनेंस और बीमा के नाम पर प्रत्येक महिला से 3,200 रुपए लिए गए थे। उन्हें यह भरोसा दिलाया गया था कि बीमा की राशि जमा करने के बाद उनके बैंक खाते में 60 हजार रुपये भेजे जाएंगे।
महिलाओं का कहना है कि कई गरीब और जरूरतमंद महिलाओं ने ब्याज पर पैसे लेकर भी यह राशि जमा की थी। सोमवार को राशि जमा करने के बाद उन्हें अगले दिन खाते में पैसे आने की बात कही गई थी। लेकिन मंगलवार सुबह जब महिलाएं कठैया धागड़ टोली स्थित कार्यालय पहुंचीं, तो उन्हें कार्यालय बंद मिला। वहां से कार्यालय का बोर्ड और अन्य सामान भी गायब था।
मकान मालिक से जानकारी लेने की कोशिश करने पर भी महिलाओं को कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद ललिता देवी, इंदु देवी, रंजू देवी, सविता देवी, चंद्रावती देवी, चंद्रमा देवी सहित कई महिलाएं जगदीशपुर थाना पहुंचीं।
महिलाओं ने थाना अध्यक्ष नितेश कुमार को पूरी घटना की जानकारी दी और न्याय की गुहार लगाई। थाना अध्यक्ष ने सभी महिलाओं से लिखित आवेदन देने को कहा और मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।