हाथों में तिरंगा, दिल में राष्ट्रभक्ति: बेतिया में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
बेतिया। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत बुधवार को समाहरणालय परिसर से शहीद पार्क, बेतिया तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। जिला पदाधिकारी तरनजोत सिंह के नेतृत्व में आयोजित यात्रा में हजारों की संख्या में प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, कर्मी, छात्र-छात्राएं, शिक्षक, स्वयंसेवी संगठन, समाजसेवी और आम नागरिक शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और तिरंगे के प्रति सम्मान का संदेश दिया। यात्रा में वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम, डीडीसी काजले वैभव नितिन, नगर आयुक्त शिवाक्षी दीक्षित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। डीएम तरनजोत सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज से भावनात्मक रूप से जोड़ना और युवाओं में देशभक्ति एवं राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना मजबूत करना है। उन्होंने लोगों से 9 से 17 अगस्त तक घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की। जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी राकेश कुमार ने आयोजन की सफलता के लिए सभी के सहयोग की सराहना की।