सेवा संकल्प अभियान के तहत तीन दिवसीय समारोह का आयोजन दूसरे दिन भी जारी, स्वास्थ्य और पोषण का दिया संदेश
भिवानी, 07 अक्तूबर : महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा भिवानी शहर में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत तीन दिवसीय विशेष सेवा समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह पूरा कार्यक्रम भिवानी के उपायुक्त साहिल गुप्ता, अतिरिक्त उपायुक्त दीपक बाबूलाल कारवा तथा महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारीकिरण के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित हो रहा है। कार्यक्रम का सफल नेतृत्व सुपरवाइजर सुजाता कर रही हैं, जबकि इस आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने में जिला कार्यक्रम अधिकारी मंजू राणा का भी विशेष योगदान रहा है। समारोह के दूसरे दिन शहर के विभिन्न वार्डों और कॉलोनियों में अनेक जन-कल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान सेवा नगर में पार्षद प्रदीप कौशिक की उपस्थिति में प्री-स्कूल एक्टिविटीज, उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान एवं अभिनंदन तथा हेल्दी बेबी शो का आयोजन किया गया। बालाजी कॉलोनी में पार्षद सुभाष तंवर की मौजूदगी में विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ-साथ पारंपरिक गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई। ब्रह्मा कॉलोनी में पार्षद शिव कुमार और एमसी अनीता की गरिमामयी उपस्थिति में हेल्दी बेबी शो, गोद भराई एवं प्री-स्कूल एक्टिविटीज का सफल आयोजन हुआ। बालाजी कॉलोनी व डाबर कॉलोनी में एमसी संदीप कुमार, एमसी अनीता और स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मीनाक्षी की विशेष उपस्थिति में मातृ संवाद, अभिनंदन एवं सम्मान कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान पोषण एवं स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रेसिपी कॉम्पटीशन भी आयोजित करवाए गए। महिलाओं को अंकुरित भोजन के स्वास्थ्य लाभ बताए गए और दैनिक आहार में मोटे अनाजों की अहमियत से अवगत कराया गया। वही बच्चों के पोषण की दिशा में अन्नप्राशन संस्कार का आयोजन किया गया था। इसके तहत 6 माह की आयु पूरी कर चुके शिशुओं को कार्यकर्ताओं द्वारा पारंपरिक विधि से पहली बार ठोस आहार खिलाया गया। साथ ही माताओं को बच्चों के सर्वांगीण विकास और सही पोषण से जुड़ी जरूरी जानकारियां दी गईं। अतिथियों ने महिला एवं बाल विकास विभाग की इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना की। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस तीन दिवसीय अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य और पोषण की जागरूकता पहुंचाना तथा एक स्वस्थ समाज का निर्माण करना है। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ता मंजू कथूरिया सहित अनेक आंगनबाड़ी वर्कर, हैल्पर्स व आशावर्कर मौजूद रही। इस दौरान फल व मिठाईयां भी वितरित की गई तथा सभी आगंनबाडी वर्कर व हैल्पर्स व आशा वर्कर को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।