मंत्री श्रुति चौधरी ने भिवानी अनाज मंडी का किया दौरा...
सिंचाई तथा जल संसाधन और महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी ने बुधवार को भिवानी अनाज मंडी का दौरा किया। उन्होंने यहां पर फसल खरीद और किसानों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक, एसडीएम महेश कुमार समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री ने फसल बेचने आए एक किसान के गेट पास की बायोमेट्रिक स्वयं कर प्रकिया जांची।
कैबिनेट मंत्री श्रुति चौधरी ने मंडी में फसल में नमी की जांच और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मार्केट कमेटी अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को गेट पास, फसल खरीद, माप-तोल, उठान और फसल की कीमत भुगतान तक की प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने खरीद प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।