*जिले की विभिन्न जनपद पंचायतों एवं जिला चिकित्सालय में कृत्रिम अंग और सहायक उपकरणों के लिए होगा परीक्षण एवं पंजीयन*
*सेवा संकल्प अभियान के तहत करंजिया में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों के लिए शिविर आयोजित*
*209 हितग्राहियों का पंजीयन, 171 हितग्राही विभिन्न योजनाओं के लाभ के लिए चिन्हित*
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को लाभान्वित करने के उद्देश्य से 12 अक्टूबर से 17 अक्टूबर 2026 तक विभिन्न स्थानों पर शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। शिविरों में दिव्यांगजनों को कृत्रिम हाथ-पैर (आर्टिफिशियल लिंब), सहायक उपकरण एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पंजीयन, परीक्षण तथा पात्र हितग्राहियों के चयन की कार्यवाही की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 12 अक्टूबर को जनपद पंचायत करंजिया, 13 अक्टूबर को जनपद पंचायत बजाग, 14 अक्टूबर को जिला चिकित्सालय डिंडौरी, 15 अक्टूबर को जनपद पंचायत समनापुर, 16 अक्टूबर को जनपद पंचायत मेंहदवानी तथा 17 अक्टूबर 2026 को जनपद पंचायत शहपुरा में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इसी क्रम में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सोमवार को जनपद पंचायत करंजिया में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को सहायक उपकरण एवं कृत्रिम अंग उपलब्ध कराने के लिए शिविर आयोजित किया गया। शिविर में हितग्राहियों का पंजीयन कर उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने तथा उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण, कृत्रिम अंग, यूडीआईडी कार्ड, मेडिकल प्रमाण पत्र एवं पेंशन संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए परीक्षण एवं चयन की कार्यवाही की गई।
*209 हितग्राहियों का पंजीयन, 171 विभिन्न सेवाओं के लिए चयनित*
शिविर में कुल 209 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया, जिनमें से 171 हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के अंतर्गत लाभ के लिए चिन्हित किया गया। इनमें कृत्रिम अंग के लिए 11, सहायक उपकरण के लिए 41, व्योश्री योजना के अंतर्गत 62, यूडीआईडी कार्ड के लिए 36, मेडिकल प्रमाण पत्र के लिए 17 तथा पेंशन संबंधी सुविधाओं के लिए 4 हितग्राही शामिल हैं।
शिविर के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को उनकी आवश्यकतानुसार सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों द्वारा आवश्यक कार्यवाही की गई। इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाना, आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है।
*जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने किया सहयोग*
शिविर में करंजिया जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री राजू उद्दे, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के उपसंचालक श्री श्याम सिंगौर, स्वास्थ्य विभाग से सिविल सर्जन डॉ. रमेश मरावी, डॉ. अजय राज, डॉ. प्रकाश ठाकुर एवं डॉ. मिनी मोर्वे उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त एलिम्को से श्री नवनीत तिवारी, श्री प्रणव शुक्ला एवं श्री मुकेश लोधी तथा जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी) से डॉ. आनंद गोल्हानी, श्रीमती रुचि विनोदिया एवं श्री सरमन ठाकुर सहित सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री कमलेश्वर सिंह धुर्वे मौजूद रहे।
शिविर में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आपसी समन्वय से हितग्राहियों के पंजीयन, परीक्षण तथा विभिन्न योजनाओं के लिए चयन की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित यह शिविर दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को सामाजिक सुरक्षा, आवश्यक सुविधाएं और सम्मानजनक जीवन के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
#Dindori #DindoriDistrict #MadhyaPradesh #SevaSankalpAbhiyan #DivyangjanEmpowerment #SeniorCitizens #AssistiveDevices #ArtificialLimbs #VayoshriYojana #UDIDCard #SocialJustice #SocialSecurity #GovernmentSchemes #InclusiveDevelopment #collectordindori #JansamparkDindori #MadhyaPradeshJansampark