*कलेक्ट्रेट में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत ने सुनीं आमजन की समस्याएं*
*मौके पर निराकरण योग्य प्रकरणों का किया समाधान, शेष आवेदनों पर समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश*
आज मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी की अध्यक्षता में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना गया। सीईओ जिला पंचायत ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का परीक्षण कर निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान निराकरण योग्य प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री जे.पी. यादव, संयुक्त कलेक्टर सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम डिंडौरी श्री रामबाबू देवांगन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
*अतिक्रमण, नियुक्ति में अनियमितता एवं विद्युत लाइन शिफ्टिंग के आवेदन प्राप्त*
जनसुनवाई में ग्राम मझियाखार निवासी श्री महेश प्रसाद चौरसिया ने शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर मार्ग बंद किए जाने की शिकायत की। उन्होंने आवेदन में प्रशांत चौरसिया द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण किए जाने की बात कही। इस पर सीईओ जिला पंचायत ने एसडीएम बजाग को प्रकरण की जांच कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। गोरखपुर निवासी आवेदिका श्रीमती हीरा टांडिया ने प्राथमिक शाला दपकी टोला, संकुल केंद्र मूसामुंडी, विकासखंड करंजिया में अतिथि शिक्षक की नियुक्ति में पक्षपात करते हुए अपात्र अभ्यर्थी को नियुक्त किए जाने की शिकायत प्रस्तुत की। इस पर संबंधित अधिकारी को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार ग्राम पंचायत पड़रिया कला, जनपद पंचायत डिंडौरी के सरपंच एवं ग्रामीणों ने निर्माणाधीन अन्न भंडारण गोदाम के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन को शिफ्ट कराने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि मुख्य विद्युत लाइन भवन के ऊपर से गुजरने के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है। इस पर कार्यपालन यंत्री, विद्युत विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
*पेयजल समस्या एवं शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश*
ग्राम झांखी, जनपद पंचायत समनापुर के ग्रामीणों ने नल-जल योजना के अधूरे कार्य एवं पेयजल समस्या से अवगत कराया। ग्रामीणों के अनुसार, योजना के तहत ठेकेदार द्वारा दो बोर कराए गए थे, जिनमें से एक में मोटर डालते समय अंदर गिर गई। इसके अतिरिक्त पाइपलाइन का कार्य भी अधूरा है तथा बैगा टोला में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल नहीं मिल पा रहा है। इस पर कार्यपालन यंत्री, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) को प्रकरण की जांच कर पेयजल समस्या का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम बंगवार के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण की शिकायत करते हुए बताया कि गांव में शासकीय भवन एवं खेल मैदान के लिए रखी गई लगभग 7 एकड़ भूमि पर अवैध निर्माण किया जा रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, संबंधित भूमि पर आठ कमरों के मकान का पिलंथ तैयार किया गया है तथा लगभग 50 से 60 डिसमिल भूमि पर मकान बनाकर निवास किया जा रहा है। इससे स्कूली बच्चों को खेल गतिविधियों में परेशानी हो रही है। इस पर तहसीलदार डिंडौरी को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई एवं समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए।
*जनसमस्याओं का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें अधिकारी: सीईओ जिला पंचायत*
सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए उसका नियमानुसार परीक्षण करें तथा निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें, ताकि नागरिकों को समय पर राहत मिल सके।
*जनसुनवाई में नागरिकों को मिली स्वास्थ्य जांच की सुविधा*
जनसुनवाई में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे नागरिकों के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इस दौरान नागरिकों का रक्तचाप, मधुमेह सहित आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच के आधार पर आवश्यक परामर्श देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की जानकारी दी। जनसुनवाई के साथ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने से नागरिकों को एक ही स्थान पर अपनी समस्याएं प्रस्तुत करने के साथ स्वास्थ्य जांच की सुविधा का लाभ भी मिला।
#Dindori #DindoriDistrict #MadhyaPradesh #Jansunwai #PublicGrievanceRedressal #DivyanshuChaudhary #DistrictAdministration #PublicService #GrievanceRedressal #GoodGovernance #DrinkingWater #ElectricityDepartment #HealthCheckup #collectordindori #JansamparkDindori