*बजाग में सेवा संकल्प अभियान के तहत दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को योजनाओं से जोड़ने की पहल*
*शिविर में 186 हितग्राहियों का पंजीयन, कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण सहित विभिन्न सेवाओं के लिए 157 हितग्राही चिन्हित*
दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और उन्हें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को जनपद पंचायत बजाग में विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में हितग्राहियों का पंजीयन करने के साथ स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यकतानुसार विभिन्न योजनाओं के लिए पात्रता निर्धारण की कार्यवाही की गई। इस पहल के माध्यम से जरूरतमंदों तक सहायक उपकरण, कृत्रिम अंग एवं सामाजिक सुरक्षा संबंधी सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास किया गया।
*विभिन्न योजनाओं के लिए 157 हितग्राही चिन्हित*
शिविर में कुल 186 हितग्राहियों का पंजीयन किया गया। इनमें कृत्रिम अंग के लिए 11, सहायक उपकरण के लिए 23, व्योश्री योजना के लिए 52, यूडीआईडी कार्ड के लिए 42, मेडिकल प्रमाण पत्र के लिए 15 तथा पेंशन संबंधी सुविधाओं के लिए 14 हितग्राहियों को चिन्हित किया गया। इस प्रकार कुल 157 हितग्राही विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं के लिए चयनित किए गए।
शिविर में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हितग्राहियों की आवश्यकताओं के अनुसार मार्गदर्शन दिया तथा पात्रता के आधार पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी की। शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों के जीवन को सुगम बनाने के साथ उनकी आत्मनिर्भरता बढ़ाना और उन्हें सम्मानपूर्वक जीवनयापन के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
*विभिन्न विभागों ने समन्वय से किया कार्य*
शिविर में जनपद पंचायत बजाग के उपाध्यक्ष श्री राधेश्याम कुशराम, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के उपसंचालक श्री श्याम सिंगौर तथा जनपद पंचायत बजाग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सचिन अग्रवाल उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग से सिविल सर्जन डॉ. रमेश मरावी, डॉ. अजय राज, डॉ. प्रकाश ठाकुर एवं डॉ. मिनी मोर्वे ने सहभागिता की। एलिम्को से श्री नवनीत तिवारी, श्री प्रणव शुक्ला एवं श्री मुकेश लोधी तथा जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र (डीडीआरसी) से डॉ. आनंद गोल्हानी एवं श्रीमती रुचि विनोदिया उपस्थित रहे। सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री ब्रज मोहन भारतीया भी शिविर में मौजूद रहे।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित शिविरों के माध्यम से दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठजनों की जरूरतों की पहचान कर उन्हें संबंधित योजनाओं से जोड़ने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने तथा उनके जीवन में सुगमता एवं आत्मनिर्भरता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
#Dindori #DindoriDistrict #MadhyaPradesh #SevaSankalpAbhiyan #DivyangjanEmpowerment #SeniorCitizenWelfare #AssistiveDevices #ArtificialLimbs #UDIDCard #VayoshriYojana #SocialSecurity #GovernmentSchemes #InclusiveDevelopment #SelfReliantIndia #collectordindori #JansamparkDindori