तेज हवा में उखड़ी एनएच-48 के डिवाइडर पर लगाई नई लोहे की जालियां, निर्माण गुणवत्ता पर उठे सवाल
सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश यादव ने एनएचएआई को कराया अवगत, जलभराव और हादसों का भी जताया खतरा
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार
: दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-48) पर हाल ही में डिवाइडर के बीच लगाई गई लोहे की जालियां मंगलवार शाम आई तेज हवा के दौरान कई स्थानों पर उखड़ गईं। घटना के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
गांव खरखड़ा निवासी सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश यादव ने मामले की जानकारी राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों को देते हुए कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से किए जा रहे निर्माण कार्यों में यदि इतनी जल्द खामियां सामने आ रही हैं तो यह गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि डिवाइडर पर लगी जालियों का तेज हवा में उखड़ जाना निर्माण सामग्री और कार्य गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लगाता है। ऐसी स्थिति में जालियां सड़क पर गिरने से कभी भी बड़ा सड़क हादसा हो सकता है।
प्रकाश यादव ने यह भी आरोप लगाया कि हाईवे के दोनों ओर बनाई गई दीवारों के कारण मुख्य सड़क पर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है। उनका कहना है कि दीवार निर्माण के दौरान पानी निकासी के लिए छोड़े गए होल पर्याप्त ऊंचाई पर बनाए गए हैं तथा उनकी नियमित सफाई भी नहीं की जा रही। इसके चलते वर्षा का पानी सड़क पर जमा हो जाता है, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है और दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है। मामले पर एनएचएआई अधिकारियों ने बताया कि संबंधित निर्माण एजेंसी को जालियां दोबारा मजबूती से लगाने तथा गुणवत्ता संबंधी कमियों को दूर करने के लिए नोटिस जारी किया जा रहा है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि जल निकासी व्यवस्था की भी जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि हाईवे पर चल रहे निर्माण कार्यों की स्वतंत्र तकनीकी जांच कराई जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही से होने वाले संभावित हादसों को रोका जा सके
Rewari, Rewari | Jun 10, 2026