बनका गांव में भैंस चोरी का प्रयास, ग्रामीणों ने एक आरोपी को दबोचा
प्रयागराज (कौंधियारा)। बनका सेमरी गांव में रविवार की देर रात भैंस चोरी की घटना से हड़कंप मच गया। गांव निवासी बाबा टेलर पटेल पुत्र सीताराम के घर के पास नहर किनारे बंधी भैंसों को चोर खोलकर ले जाने का प्रयास कर रहे थे।
ग्रामीणों के मुताबिक, चोर एक भैंस को लेकर डीसीएम से भागने लगे। जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने बाइक से पीछा कर गौहनिया के पास डीसीएम चालक को पकड़ लिया। वहीं दूसरी भैंस चोरी करने का प्रयास कर रहे एक अन्य आरोपी को भी ग्रामीणों ने पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पकड़े गए आरोपी से ग्रामीणों द्वारा मौके पर पूछताछ किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना की सूचना पुलिस को दिए जाने के बाद मामले की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच और कार्रवाई के बाद ही घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Bara, Allahabad | Sep 20, 2026