जर्जर तार-पोल बदलने के नाम पर जेई पर ₹10 हजार लेने का आरोप, शिकायत के बाद भी समस्या बरकरार
जारी, प्रयागराज। जारी पावर हाउस के अंतर्गत ग्राम सभा जारी में जर्जर विद्युत तार और पोल को लेकर ग्रामीण शेष बहादुर पटेल ने विद्युत विभाग के जेई अविनाश यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित का आरोप है कि समस्या के समाधान के लिए उसने जेई को कार्यालय में ₹10 हजार दिए, लेकिन पैसा लेने के बावजूद अब तक न तो जर्जर तार बदले गए और न ही क्षतिग्रस्त पोल की समस्या का समाधान हुआ।
शेष बहादुर पटेल के मुताबिक, गांव में जर्जर विद्युत तार आए दिन टूटकर गिरते रहते हैं, जिससे किसी भी समय गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने बताया कि समस्या को लेकर कई बार विद्युत विभाग में शिकायत की गई, लेकिन अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
पीड़ित का आरोप है कि जब उसने दिए गए पैसे वापस करने अथवा काम कराने की बात कही तो जेई की ओर से कथित तौर पर कहा गया कि "किसके सामने पैसा दिया है?" और पैसा वापस नहीं करने की बात कही गई।
शेष बहादुर पटेल ने प्रदेश सरकार और संबंधित विद्युत अधिकारियों से मामले की जांच कराकर जर्जर तारों को बदलने तथा आवश्यक स्थान पर नया विद्युत पोल लगवाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई और कोई दुर्घटना होती है तो इसके लिए संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
नोट: जेई अविनाश यादव पर लगाए गए ₹10 हजार लेने और धमकी देने के आरोप पीड़ित के कथन पर आधारित हैं। मामले में विद्युत विभाग का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रकाशित किया जाना आवश्यक होगा।
Bara, Allahabad | Sep 18, 2026