प्रयागराज में डॉ. संजय निषाद का बड़ा ऐलान, तीन विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी
मत्स्य विभाग की योजनाओं और उपलब्धियों को गिनाया, 20 सितंबर से प्रयागराज में अभियान शुरू करने की घोषणा
प्रयागराज। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने रविवार को प्रयागराज के सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता कर मत्स्य विभाग की उपलब्धियों और पार्टी की आगामी राजनीतिक तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े चार वर्षों में मत्स्य विभाग को नई दिशा देने के लिए कई योजनाएं संचालित की गई हैं। वहीं आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं।
डॉ. संजय निषाद ने कहा कि एक समय मत्स्य विभाग को उपेक्षित विभाग माना जाता था, लेकिन केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं से मत्स्य पालकों को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने पीएम मत्स्य संपदा योजना, पीएम मछुआ दुर्घटना बीमा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना, निषाद राज बोट योजना और माता सुकेता केज कल्चर सहित कई योजनाओं का उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि मत्स्य पालक कल्याण कोष के माध्यम से पात्र लोगों को शिक्षा, चिकित्सा और विवाह जैसी जरूरतों के लिए सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उनके मुताबिक, प्रयागराज मंडल में अब तक करीब एक हजार लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल चुका है।
10 प्रांतों में संगठन को बांटने का दावा
प्रेसवार्ता के दौरान डॉ. संजय निषाद ने पार्टी की आगामी चुनावी रणनीति की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निषाद पार्टी ने उत्तर प्रदेश को 10 प्रांतों में बांटकर संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की तैयारी की है। प्रत्येक प्रांत में 10 लोकसभा क्षेत्र शामिल किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि 20 सितंबर 2026 को प्रयागराज के एनआरआईपीटी तेलियरगंज मैदान में आयोजित कार्यक्रम से अभियान की शुरुआत की जाएगी। इस कार्यक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को जुटने का आह्वान किया गया है।
प्रयागराज में तीन सीटों पर प्रत्याशी उतारने की तैयारी
आगामी विधानसभा चुनाव के संबंध में डॉ. संजय निषाद ने कहा कि प्रयागराज में पिछली बार पार्टी ने दो विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ा था। इस बार पार्टी तीन विधानसभा सीटों पर प्रत्याशी उतारने की तैयारी कर रही है। वहीं पूरे प्रयागराज मंडल में छह विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी की बात कही गई है।
कैबिनेट मंत्री के इस बयान के बाद प्रयागराज मंडल में निषाद पार्टी की आगामी चुनावी गतिविधियों को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि किन विधानसभा सीटों पर पार्टी अपने प्रत्याशी उतारेगी, इस संबंध में प्रेसवार्ता में कोई नाम घोषित नहीं किया गया।
बाइट: डॉ. संजय कुमार निषाद, कैबिनेट मंत्री एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष, निषाद पार्टी
Bara, Allahabad | Sep 20, 2026