पॉक्सो मामले में अभियुक्त को एक साल का कठोर कारावास, अर्थदंड भी लगाया,
रुद्रप्रयाग पुलिस की प्रभावी विवेचना और अभियोजन की मजबूत पैरवी से दोष सिद्ध, 11 माह से कम समय में आया फैसला,
रुद्रप्रयाग। पॉक्सो अधिनियम से जुड़े एक मामले में रुद्रप्रयाग की विशेष अदालत ने अभियुक्त को एक वर्ष के कठोर कारावास और अर्थदंड से दंडित किया है। पुलिस की प्रभावी विवेचना और अभियोजन पक्ष की मजबूत पैरवी के चलते मुकदमा दर्ज होने के 11 माह से भी कम समय में न्यायालय ने अपना फैसला सुना दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सात दिसंबर 2025 को कोतवाली रुद्रप्रयाग में मुकदमा अपराध संख्या 72/2025 के तहत मुजाहिर आलम उर्फ मुन्तजिर पुत्र मोहम्मद शमीम अख्तर, निवासी ग्राम बांसवाड़ी, टेढ़ागाछ, जनपद किशनगंज (बिहार) के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(3), 352, 75(2), 78(2) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 11(iv), 11(v) सहपठित धारा 12 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की विवेचना तत्कालीन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज नेगी ने की, जो वर्तमान में थाना ऊखीमठ के प्रभारी हैं। विवेचना के दौरान उन्होंने आवश्यक साक्ष्य जुटाते हुए मामले को मजबूत किया। इसके बाद अभियोजन पक्ष की ओर से न्यायालय में प्रभावी ढंग से पैरवी की गई। पुलिस की गुणवत्तापूर्ण विवेचना और अभियोजन की मजबूत पैरवी के आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध आरोप सिद्ध हुए।
इसी क्रम में 13 नवंबर 2026 को जिला एवं सत्र न्यायालय स्थित विशेष पॉक्सो न्यायालय रुद्रप्रयाग ने अभियुक्त को दोषसिद्ध करार देते हुए एक वर्ष के कठोर कारावास और अर्थदंड से दंडित करने का आदेश सुनाया।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने कहा कि जनपद में अपराधों की रोकथाम और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। प्रत्येक मामले में निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना के साथ न्यायालय में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित कर दोषियों को कानून के अनुसार सजा दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है।
Rudraprayag, Rudraprayag | Nov 13, 2026