👉#गर्रा-रामगंगा के बढ़ते जलस्तर से अलर्ट, नदी किनारे जाने पर रोक
#डीएम ने लोगों से बच्चों-मवेशियों को सुरक्षित रखने और अफवाहों से बचने की अपील की
शाहजहांपुर। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश के चलते गर्रा और रामगंगा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। प्रशासन ने नदी के तटीय और डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। शारदा नहर खंड के अनुसार एक सितंबर की रात पीलीभीत के दियूनी बैराज से गर्रा नदी में 36,801 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जिसका असर शाहजहांपुर में अजीजगंज पुल पर तीन से चार दिन में पहुंचने की संभावना है।
वर्तमान में अजीजगंज पुल पर गर्रा नदी का जलस्तर 146.10 मीटर है, जिसमें करीब दो मीटर की वृद्धि का अनुमान है। हालांकि जलस्तर खतरे के निशान 148.80 मीटर से नीचे रहने की संभावना है। वहीं डबरी घाट पर रामगंगा नदी का जलस्तर आगामी तीन से चार दिनों में करीब 60 सेंटीमीटर बढ़ने और खतरे के निशान 137.30 मीटर के करीब पहुंचने का अनुमान है।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने लोगों से नदी, घाट और पुल के निचले हिस्सों में जाने से बचने की अपील की है। बच्चों को नदी व जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने और मवेशियों को ऊंचे स्थानों पर सुरक्षित रखने को कहा गया है। लोगों को जरूरी दस्तावेज, राशन और दवाइयां सुरक्षित रखने तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह दी गई है। आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के नंबर 05842-462754, 05842-351037 और 05842-35108 पर संपर्क किया जा सकता है।
Shahjahanpur, Shahjahanpur | Sep 2, 2026