4 सितंबर तक 148 मीटर तक पहुंच सकता है गर्रा का जलस्तर, डीएम ने किया निरीक्षण
शाहजहांपुर। पहाड़ी क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से हो रही भारी बारिश के चलते गर्रा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बढ़े जलस्तर का प्रभाव चार सितंबर तक शाहजहांपुर पहुंचने की संभावना है और नदी का जलस्तर करीब 148.00 मीटर तक पहुंच सकता है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बुधवार को गर्रा नदी के संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण किया।
डीएम ने नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी, एडीएम (वि./रा.) अरविंद कुमार, एसडीएम सदर अतुल कुमार सिंह समेत अधिकारियों के साथ सुभाष नगर के पास गर्रा नदी पर निर्माणाधीन पुल, मौजमपुर पंप कैनाल के पास डैम रोड और अजीजगंज तटबंध के पास कांशीराम कॉलोनी के नाले पर लगे गेट का निरीक्षण किया। उन्होंने डैम रोड के कल्वर्ट बंद कराने और दो से तीन शरणालय सक्रिय करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को बाढ़ सुरक्षा के मद्देनजर सतर्क रहने और निगरानी तेज करने को कहा।