एचआरटीसी में फिर बवाल: अधिकारी पर वित्तीय गड़बड़ी के आरोप, 8 से चक्का जाम की धमकी
चालक-परिचालक यूनियन का 24 घंटे का अल्टीमेटम, 3 महीने से भविष्य निधि खाते में राशि जमा न करने का भी आरोप
शिमला। हिमाचल पथ परिवहन निगम में एक बार फिर चालक-परिचालकों और प्रबंधन के बीच टकराव की स्थिति बन गई है। चंबा में तैनात अनुभाग अधिकारी पर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए चालक-परिचालक यूनियन ने प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शिमला में धरना-प्रदर्शन के दौरान यूनियन ने चेतावनी दी कि 24 घंटे के भीतर अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो 8 अक्तूबर से चंबा में और 9 अक्तूबर से पूरे प्रदेश में बसों का चक्का जाम किया जाएगा।
चालक यूनियन के अध्यक्ष मान सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया कि चंबा के अनुभाग अधिकारी लगातार वित्तीय अनियमितताएं कर रहे हैं और इसका खामियाजा परिचालकों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि चालक-परिचालकों को बेवजह परेशान किया जा रहा है, जबकि निगम प्रबंधन अधिकारी का बचाव कर रहा है। शिकायत के 20 दिन से अधिक समय बीतने के बावजूद कोई कार्रवाई न होने से कर्मचारियों में रोष है।
8 को चंबा बंद, 9 से पूरे हिमाचल में पहिए जाम
मान सिंह ठाकुर ने कहा कि यदि 24 घंटे में अनुभाग अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो 8 अक्तूबर से चंबा जिले में बसों का संचालन बंद किया जाएगा। इसके बाद भी प्रबंधन नहीं जागा तो 9 अक्तूबर से पूरे हिमाचल प्रदेश में बसों के पहिए रोक दिए जाएंगे।
वेतन से कट रहा पैसा, तीन महीने से खाते में नहीं पहुंची भविष्य निधि!
यूनियन ने निगम प्रबंधन पर कर्मचारियों की भविष्य निधि को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि चालक-परिचालकों के वेतन से हर महीने भविष्य निधि की राशि काटी जा रही है, लेकिन पिछले तीन महीने से यह राशि कर्मचारियों के भविष्य निधि खातों में जमा नहीं की गई। यूनियन ने चेताया कि यदि जल्द राशि खातों में जमा नहीं की गई तो प्रबंधन के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।