पहाड़ों के बेटे अनुराग ने राष्ट्रीय मंच पर दिखाया दम
माउंटेन बाइकिंग में राष्ट्रीय स्तर पर हासिल किया दूसरा स्थान, असफलता से सबक लेकर मेहनत के दम पर रचा मुकाम
शिमला, 06 अक्तूबर।
पहाड़ों की कठिन चढ़ाइयों और चुनौतीपूर्ण रास्तों पर साइकिल दौड़ाने वाले कुल्लू के ओल्ड मनाली निवासी युवा खिलाड़ी अनुराग ठाकुर ने अपने साहस, जुनून और कड़ी मेहनत के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का नाम रोशन किया है। ओडिशा के महेंद्र गिरी में 1 से 4 अक्तूबर तक आयोजित 23वीं नेशनल माउंटेन बाइक चैंपियनशिप में अनुराग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया।
देशभर से पहुंचे सैकड़ों खिलाड़ियों के बीच अनुराग की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि माउंटेन बाइकिंग केवल रफ्तार का खेल नहीं, बल्कि शारीरिक क्षमता, संतुलन, धैर्य और जोखिम उठाने के साहस की परीक्षा भी है। ऊबड़-खाबड़ पहाड़ी रास्तों और कठिन परिस्थितियों में लगातार अभ्यास करने वाले अनुराग ने साबित किया कि पहाड़ों में पले युवाओं में चुनौतियों से लड़ने का जज्बा किसी से कम नहीं।
प्रतियोगिता में सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर वर्गों में देशभर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। अनुराग पिछले वर्ष भी इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उतरे थे, लेकिन तब उन्हें कोई बड़ा स्थान हासिल नहीं हुआ। इसके बावजूद उन्होंने हार को अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। लगातार अभ्यास, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ उन्होंने अपनी कमियों पर काम किया और इस बार राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का दम दिखाया।
अनुराग की सफलता ओल्ड मनाली और कुल्लू ही नहीं, बल्कि प्रदेश के उन तमाम युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो खेलों में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं। ओल्ड मनाली पंचायत ने अनुराग को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
साइकलिंग एसोसिएशन ऑफ़ हिमाचल प्रदेश के मानद सचिव मोहित सूद ने इस उपलब्धि के लिए अनुराग ठाकुर को बधाई दी और कहा कि संगठन जल्द ही एक समारोह में इस प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का नाम रोशन करने वाले अनुराग ठाकुर सहित अन्य सभी खिलाड़ियों को सम्मानित करेगी।