प्रेस विज्ञप्ति
जीविका, मधेपुरा
सुरक्षित स्वास्थ्य एवं खुशहाल परिवार विषय पर तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण के प्रथम बैच का सफलतापूर्वक समापन
मधेपुरा, 21 नवंबर 2026। आज दिनांक 21/11/2026 को सुरक्षित स्वास्थ्य एवं खुशहाल परिवार विषय पर सीएलएफ एंकर पर्सन एवं एचएनएस नोडल पर्सन के लिए आयोजित तीन दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण के प्रथम बैच का मधेपुरा होटल में सफलतापूर्वक समापन हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को एनीमिया, प्रसवोत्तर शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तन, रजोनिवृत्ति, अवसाद, महिलाओं के निजी स्वास्थ्य की देखभाल, उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था, उच्च जोखिम नवजात, गरिमामय वृद्धावस्था एवं कैंसर जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य इन विषयों के प्रति समुदाय में जागरूकता बढ़ाना एवं स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी को जन-जन तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक श्री नील कमल चौधरी उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्वास्थ्य हमारी सबसे बड़ी संपत्ति है। इस प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का उपयोग सर्वप्रथम स्वयं एवं अपने परिवार के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने में करना चाहिए। साथ ही, प्रत्येक प्रतिभागी को कम-से-कम एक ग्राम संगठन में प्रशिक्षण के माध्यम से प्राप्त जानकारी को क्रियान्वित कर समुदाय को जागरूक करना है।
इस प्रशिक्षण में राज्य कार्यालय से आए संसाधन सेवी श्री श्याम निवास द्वारा प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्वास्थ्य एवं पोषण प्रबंधक श्री मुर्तजा अली ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
प्रशिक्षण के समापन पर प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी को अपने-अपने क्षेत्र में प्रभावी रूप से लागू करने तथा महिलाओं एवं परिवारों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की अपेक्षा की गई।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar