गैरसैंण समेत चार क्षेत्रों में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की मांग, सांसद अनिल बलूनी ने शिक्षा मंत्री से की मुलाकात
गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी से भेंट कर उन्हें शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार मिलने पर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सांसद ने उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों को उनके समक्ष रखा।
सांसद अनिल बलूनी ने उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की अपनी मांग को पुनः दोहराते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। इसके साथ ही उन्होंने रामनगर, यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र तथा देवप्रयाग में भी केंद्रीय विद्यालय स्थापित किए जाने का अनुरोध किया।
सांसद ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना होने से स्थानीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। इससे विशेष रूप से पहाड़ के बच्चों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सांसद द्वारा उठाए गए इस महत्वपूर्ण विषय पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई के लिए आश्वस्त किया। सांसद ने उम्मीद जताई कि इन क्षेत्रों में केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना की दिशा में जल्द सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
गैरसैंण सहित रामनगर, यमकेश्वर और देवप्रयाग में केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना को क्षेत्र के विद्यार्थियों के शैक्षिक भविष्य के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा के अवसरों को और मजबूत करने के साथ ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की राह भी आसान होगी।