प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा के बचाव में उतरी भाजपा, संजय डोभाल पर परशुराम जगुड़ी का निशाना
बडकोट। जनपद में जिला योजना को लेकर सियासी घमासान लगातार तेज होता जा रहा है। निर्दलीय विधायक संजय डोभाल द्वारा जिला योजना के कार्यों और विकास को लेकर सरकार पर लगातार सवाल उठाए जाने के बीच अब भाजपा ने भी पलटवार किया है। भाजपा के जिला महामंत्री परशुराम जगुड़ी ने निर्दलीय विधायक पर आरोप लगाते हुए कहा कि जिला योजना के मुद्दे को राजनीतिक रंग देकर सरकार और जनपद के प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा की छवि को खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।
परशुराम जगुड़ी ने कहा कि विधायक संजय डोभाल लगातार सरकार को घेरने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि जिला योजना जैसी महत्वपूर्ण विकास प्रक्रिया को लेकर तथ्यों के आधार पर बात होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ लेने के लिए प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा की कार्यशैली और छवि को निशाना बनाया जा रहा है।
भाजपा जिला महामंत्री ने कहा कि सौरभ बहुगुणा का परिवार लंबे समय से उत्तराखंड की राजनीति और जनसेवा से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि बहुगुणा परिवार ने केवल उत्तरकाशी ही नहीं, बल्कि पूरे टिहरी लोकसभा क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने क्षेत्र को ओ बी सी
दर्जा दिलाने का काम किया है जिसके फलस्वरूप आज हजारों युवाओं को रोजगार मिला है ।
ऐसे में प्रभारी मंत्री की कार्यशैली पर सवाल उठाने से पहले उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों और सरकार की योजनाओं को भी देखा जाना चाहिए।