Sangaria Matdaan Maha Abhiyaan
#राजस्थान पंचायतीराज चुनाव: निष्पक्षता और पारदर्शिता के लिए प्रशासन ने कसी कमर
#संगरिया में 31 अक्टूबर से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया
संगरिया की आवाज़।
#संगरिया पंचायत समिति क्षेत्र में चौथे चरण में होने वाले पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव को शांतिपूर्ण, स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पूर्ण पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक तैयारियों के क्रम में शुक्रवार को उपखंड अधिकारी सभागार में रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी Jai Kaushik जय कौशिक की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित की गई।
उपखंड अधिकारी ने सरपंच एवं वार्ड पंच के नामांकन, मतदान तथा मतगणना के दौरान कानून-व्यवस्था कायम रखने संबंधी विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। मतपत्रों के माध्यम से होने वाले सरपंच एवं वार्ड पंच चुनाव में मतगणना के समय मतों के स्वीकार एवं अस्वीकार करने के नमूनों पर विशेष चर्चा हुई ताकि मतगणना के समय किसी भी प्रकार की अस्पष्टता या विवाद की गुंजाइश न रहे। पंचायत समिति सदस्य एवं जिला परिषद सदस्य के मतदान के समय भी कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन विचार-विमर्श किया गया। उपखंड अधिकारी जय कौशिक ने संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान स्थलों पर पुलिस अधिकारियों द्वारा निरंतर निगरानी एवं निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए तथा आमजन में मतदान के प्रति विश्वास जगाने के उद्देश्य से गांवों में पुलिस प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च निकालने का निर्णय लिया गया।
सहायक रिटर्निंग अधिकारी एवं तहसीलदार मोनिका बंसल ने मतदान से पूर्व समस्त मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया ताकि मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मतदान दलों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनके ठहरने एवं भोजन की उचित व्यवस्था करने के लिए संबंधित अधिकारियों को दायित्व सौंपा गया।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक शंकर लाल छाबा, थानाधिकारी अमर सिंह, तहसीलदार राम सिंह मीणा, नायब तहसीलदार रणवीर फूलेंजी, दलीप कुमार, ब्लॉक मास्टर ट्रेनर राजेन्द्र मारवाल, जयपाल सिंह, सुरेंद्र मूंड, विनेश जैन, सेक्टर अधिकारी, भू-अभिलेख निरीक्षक एवं चुनाव शाखा के भरत सांवरिया, पंकज गोदारा, रविन्द्र गोदारा सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे। यहां बता दें कि पंचायत समिति सदस्य के चुनाव की नामांकन प्रक्रिया 31 अक्टूबर को अधिसूचना जारी होने के साथ प्रारंभ हो जाएगी। पंचायत समिति सदस्य के लिए नामांकन 31 अक्टूबर से 4 नवंबर तक (अवकाश दिवस को छोड़कर) उपखंड अधिकारी कार्यालय में प्रातः 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक लिए जाएंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 5 नवंबर जबकि 6 नवंबर अपराह्न 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। सरपंच एवं वार्ड पंच के नामांकन 15 नवंबर को पंचायत मुख्यालय पर लिए जाएंगे।
संगरिया की आवाज़