संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल के वार्षिक समारोह में मुख्य अतिथि रहीं हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी
यमुनानगर, 1 नवंबर- हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन श्रीमती उषा प्रियदर्शी यमुनानगर स्थित संत निश्चल सिंह पब्लिक स्कूल में आयोजित वार्षिक समारोह भाई गुरदास जी- द लाइट ऑफ विजडम में मुख्य अतिथि रहीं। इस अवसर पर महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रिचा हानी पाहवा की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को देखकर मुख्य अतिथि श्रीमती उषा प्रियदर्शी ने प्रसन्नता व्यक्त की और उनकी प्रतिभा की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में लंबे समय से सेवाएं दे रहे शिक्षकों को उनके समर्पण, निष्ठा और शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए अमूल्य योगदान के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही, विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर श्रीमती उषा प्रियदर्शी ने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार है। एक शिक्षित और संस्कारवान युवा पीढ़ी ही देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में सक्षम है। विद्यालयों में विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारियों की शिक्षा देना भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके मार्गदर्शन, समर्पण और मेहनत से ही विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव होता है। लंबे समय से विद्यालय में सेवाएं दे रहे शिक्षकों का सम्मान करना उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का सराहनीय प्रयास है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को बेहतर प्रदर्शन करने और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि आज की बेटियां और युवा पीढ़ी देश का भविष्य हैं। उन्हें शिक्षा, समान अवसर और उचित मार्गदर्शन प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने, निरंतर मेहनत करने और जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने का संदेश दिया।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संस्थान विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और संस्कार प्रदान कर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के चेयरमैन वरयाम सिंह, सेक्रेटरी रूपेंद्र सिंह, डायरेक्टर डॉ. लीना खेड़ा एवं समस्त स्टाफ का भव्य आयोजन के लिए हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया। समारोह के अंत में उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि वे इसी प्रकार अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन से आगे बढ़ते रहें तथा अपने परिवार, विद्यालय, समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करें।