गांवों में विकास की नई इबारत लिख रहा नगर निगम, सुविधाओं को मिल रही मजबूती : सुमन बहमनी
23.29 लाख से संवरेगा रटौली का सामुदायिक भवन, मेयर ने किया शिलान्यास
मेयर ने रटौली में 23.29 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन के नवीनीकरण कार्य का किया शिलान्यास
जगाधरी/यमुनानगर। शहर के साथ-साथ गांवों में भी विकास कार्यों को गति देते हुए नगर निगम द्वारा आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को मेयर सुमन बहमनी ने नगर निगम के वार्ड नंबर एक के गांव रटौली में 23 लाख 29 हजार रुपये की लागत से सामुदायिक भवन के नवीनीकरण कार्य का शिलान्यास किया। इस कार्य के पूरा होने से गांव के लोगों को सामाजिक, धार्मिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि नगर निगम का संकल्प शहर के साथ-साथ गांवों का भी समान रूप से विकास करना है। गांवों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाकर ग्रामीणों को सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध करवाया जा रहा है। सामुदायिक भवन गांव की सामाजिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र होते हैं। इनके नवीनीकरण से ग्रामीणों को अपने कार्यक्रम आयोजित करने के लिए बेहतर स्थान मिलेगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा और शहर से लेकर गांवों तक विकास की रोशनी पहुंचाई जाएगी।
साढ़ौरा के पूर्व विधायक बलवंत सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को प्राथमिकता देना सराहनीय कदम है। सामुदायिक भवन का नवीनीकरण होने से गांव के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। ऐसे कार्य ग्रामीणों की जरूरतों को पूरा करने के साथ गांवों के सामाजिक ढांचे को भी मजबूत करते हैं।
पार्षद रीना रस्तोगी ने कहा कि गांव रटौली में सामुदायिक भवन के नवीनीकरण की लंबे समय से जरूरत महसूस की जा रही थी। नगर निगम के प्रयासों से अब यह कार्य शुरू होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि वार्ड में लोगों की मांग और जरूरत के अनुसार विकास कार्य करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस मौके पर भाजपा नेता डा. जगदीश मैहरमपुर,
कर्म चंद रटौली, नंद लाल, सुमित ओबरॉय, मंडल अध्यक्ष जोनी राणा सहित गांव के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
फोटो - रटौली में सामुदायिक केंद्र के नवीनीकरण कार्य का शिलान्यास करती मेयर और अन्य।