त्रिनेत्र गणेश लख्खी मेले में विधायक गोठवाल के भंडारे का उद्घाटन
हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं की सेवा के लिए लगाया भंडारा, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद
सवाई माधोपुर। त्रिनेत्र गणेश जी महाराज के लख्खी मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए हर वर्ष की तरह इस बार भी खंडार विधायक जीतेन्द्र गोठवाल की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे का विधिवत उद्घाटन किया गया, जिसके बाद श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण शुरू हुआ।
इस अवसर पर विधायक जीतेन्द्र गोठवाल ने स्वयं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया और सेवा कार्य में सहभागिता निभाई। भंडारे में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी मौजूद रहे और श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे नजर आए।
त्रिनेत्र गणेश जी महाराज के लख्खी मेले में दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में भंडारा श्रद्धालुओं के लिए सेवा और प्रसाद का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा के लिए लगातार व्यवस्थाएं की जा रही हैं।