#गृहराज्य_मंत्री_जवाहर_सिंह_बेढ़म_के_नेतृत्व_में_निकली_भव्य_तिरंगा_यात्रा_____
#बृजनगर_______________
तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक, शहीदों के बलिदान से मिली आजादी के गौरव को हर घर तक पहुंचाना हमारा संकल्प: गृह राज्य मंत्री
'हर घर तिरंगा अभियान-2026' के अंतर्गत शुक्रवार को बृजनगर कस्बे में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति से ओतप्रोत एक विशाल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। गृहराज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म के नेतृत्व में आयोजित इस तिरंगा यात्रा में स्कूली छात्र-छात्राएं, युवा, मातृशक्ति, प्रबुद्ध नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे शामिल हुए।
यह भव्य तिरंगा यात्रा बृजनगर के मुख्य मार्गों, बाजारों और चौराहों से होकर गुजरी। यात्रा मार्ग में जगह-जगह स्थानीय नागरिकों एवं व्यापारिक संगठनों द्वारा पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया गया। हाथों में लहराते तिरंगों के साथ कदमताल करते युवाओं और छात्राओं के अनुशासन ने सभी का मन मोह लिया। यात्रा के दौरान पूरा क्षेत्र तिरंगामय नजर आया, जिससे जन-जन में स्वतंत्रता दिवस को लेकर अपार उत्साह और राष्ट्रीय स्वाभिमान की भावना का संचार हुआ।
तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने कहा कि 9 अगस्त 1942 को जब अंग्रेजों भारत छोड़ो आंदोलन का शंखनाद हुआ, तो पूरे देश में आजादी की एक अभूतपूर्व क्रांति की लहर दौड़ गई थी। देश के वीर शहीदों की महान कुर्बानियों, स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और आमजन के राष्ट्रव्यापी आंदोलन के परिणाम स्वरूप ही 15 अगस्त 1947 को हमारा देश स्वतंत्र हुआ। उन्होंने रेखांकित किया कि राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा भारत की अखंडता, संप्रभुता और आन-बान-शान का सर्वोच्च प्रतीक है, जिसके मान-सम्मान की रक्षा के लिए लाखों वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया है।
गृह राज्य मंत्री ने आह्वान किया कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित 'हर घर तिरंगा अभियान' का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के हृदय में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रभाव को और अधिक प्रगाढ़ करना है। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से 15 अगस्त के पावन पर्व पर अपने-अपने घरों, दुकानों और संस्थानों पर गरिमा के साथ तिरंगा फहराने तथा देश के विकास और नवनिर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, विद्यार्थी एवं भारी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।