नौकरी का झांसा देकर महिला को ऑफिस बुलाया, दुष्कर्म और धमकी का आरोप; आरोपी पर FIR...
ग्वालियर के इंदरगंज थाना क्षेत्र में नौकरी की तलाश कर रही 25 वर्षीय महिला ने एक युवक पर नौकरी दिलाने के बहाने दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। महिला के मुताबिक, होटल में मुलाकात के दौरान आरोपी ने खुद को तुषार अग्रवाल बताया और संजय कॉम्प्लेक्स स्थित ऑफिस में 8 से 10 हजार रुपए मासिक वेतन वाली नौकरी दिलाने की बात कही। आरोप है कि 30 सितंबर को एडवांस राशि और काम समझाने के बहाने बुलाकर वह उसे ऊपरी मंजिल के कमरे में ले गया, जहां दरवाजा बंद कर जबरन दुष्कर्म किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। महिला का यह भी आरोप है कि आरोपी ने उसके साथ जातिसूचक गालियां दीं। बाद में महिला को पता चला कि आरोपी ने अपनी पहचान गलत बताई थी और उसका असली नाम अरुण रावत है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दुष्कर्म, धमकी और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।