चल समारोह में पुलिस से धक्का-मुक्की कर हेड कांस्टेबल के हाथ से गन छीनी, माहौर समाज के जिलाध्यक्ष समेत कई पर FIR
मुरैना। वीरांगना झलकारी बाई जयंती के चल समारोह के दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की कर हेड कांस्टेबल के हाथ से गन छीनने का मामला सामने आया है। घटना एमएस रोड स्थित ओवरब्रिज चौराहे के पास स्टेशन रोड थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, चल समारोह में एक युवक हाथ में एयर गन लेकर हवा में लहराते हुए डांस कर रहा था। इस दौरान हेड कांस्टेबल ने युवक से गन लेकर अपने कब्जे में कर ली। आरोप है कि इसके बाद युवकों की भीड़ ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया और धक्का-मुक्की करते हुए हेड कांस्टेबल के हाथ से गन छीन ली।
मामले में पुलिस ने माहौर समाज के जिलाध्यक्ष नरोत्तम माहौर सहित दो नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। कोतवाली टीआई अमित भदौरिया के मुताबिक, युवक के पास एयर गन थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।