गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजा बंध बारैठा, नम आंखों से दी बप्पा को विदाई
बयाना। क्षेत्र के गांव नगला शीशों में पांच दिवसीय गणेश महोत्सव के समापन पर शुक्रवार को गणपति प्रतिमाओं का भावुक माहौल में विसर्जन किया गया। गांव के विभिन्न स्थानों पर स्थापित गणेश प्रतिमाओं को गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुनों के बीच विशाल शोभायात्रा के रूप में ऐतिहासिक बंध बारैठा जलाशय ले जाया गया। यहां धार्मिक रीति-रिवाज एवं मंत्रोच्चार के साथ प्रतिमाओं का जल विसर्जन किया गया। इस दौरान एक प्रतिमा को ‘बप्पा ऑन बुलेट’ थीम के तहत बुलेट बाइक पर विदा किया गया, जो आकर्षण का केंद्र रही।
गणेश महोत्सव के अंतिम दिन सुबह से ही गांव में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर मोदक, फल-फूल सहित विभिन्न प्रसाद का भोग लगाया तथा क्षेत्र में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद गांव से गणपति प्रतिमाओं की विसर्जन शोभायात्रा रवाना हुई।
शोभायात्रा में डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर युवा एवं ग्रामीण नाचते-गाते चल रहे थे। श्रद्धालुओं ने अबीर-गुलाल उड़ाते हुए ‘गणपति बप्पा मोरया’ और ‘अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे लगाए। शोभायात्रा के मार्ग में जगह-जगह लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
Weir, Bharatpur | Sep 19, 2026