सुहास-अजरौंदा मार्ग पर अतिक्रमण से जलभराव, ग्रामीणों में आक्रोश
वैर। सुहास गांव से अजरौंदा जाने वाले मार्ग पर अतिक्रमण के कारण जलभराव की समस्या गंभीर बनी हुई है। ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क PWD विभाग के अंतर्गत आती है, लेकिन सड़क के दोनों ओर लोगों द्वारा मिट्टी डालकर किए गए अतिक्रमण के कारण पानी की निकासी बाधित हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि पानी की निकासी नहीं होने से सड़क पर नाले की तरह पानी बह रहा है और जगह-जगह पोखर जैसी स्थिति बन गई है। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा आए दिन दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग के पास एक स्कूल भी स्थित है। जलभराव और फिसलन के कारण स्कूल आने-जाने वाले बच्चों को परेशानी हो रही है और कई बच्चे फिसलकर गिर भी रहे हैं।
ग्रामीणों और युवाओं ने प्रशासन एवं PWD विभाग से मांग की है कि सड़क से अतिक्रमण हटाकर पानी की निकासी की तत्काल व्यवस्था की जाए, ताकि आवागमन सुचारू हो सके और दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो युवा और ग्रामीण आंदोलन करते हुए सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे।
Weir, Bharatpur | Sep 20, 2026