फर्श से अर्श तक कुसुम दीदी का सफर! 24 से 105 मशीनों तक पहुंचा उद्यम, गांव में सैकड़ों हाथों को मिला रोजगार
मुजफ्फरपुर में एक साधारण जीविका सदस्य से सफल उद्यमी बनने तक कुसुम देवी का सफर आज ग्रामीण महिलाओं के लिए प्रेरणा बन गया है। बजरंग जीविका स्वयं सहायता समूह और संगम CLF से जुड़ी कुसुम देवी ने अपनी मेहनत, दूरदर्शी सोच और दृढ़ संकल्प के दम पर गांव की पहचान बदलने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
29 सितंबर 2025 को 24 मशीनों के साथ शुरू हुआ कुखु स्काईपैकर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड का उद्यम महज एक साल में बढ़कर 105 मशीनों तक पहुंच गया है। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी पैदा हुए हैं।
प्रथम वार्षिकोत्सव के मौके पर जिलाधिकारी मुजफ्फरपुर कुसुम देवी के आमंत्रण पर स्वयं फैक्ट्री पहुंचे और उद्यम की गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने कुसुम देवी की मेहनत और एक वर्ष में हासिल की गई प्रगति की सराहना की।
जिलाधिकारी ने कहा कि महिलाओं का सामाजिक सशक्तिकरण उनके आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ा है। सरकार उद्यमियों को हर संभव सहयोग देगी और नई तकनीक व बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा। उद्योग विभाग की योजनाओं से अधिक से अधिक जीविका समूह की महिलाओं को जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने पर भी जोर दिया जाएगा।
कुसुम देवी की कहानी बताती है कि सही सोच, मेहनत और सहयोग मिले तो गांव की महिलाएं न सिर्फ अपना उद्यम खड़ा कर सकती हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार का रास्ता खोल सकती हैं।
#TirhutNow #KusumDevi #WomenEntrepreneur #Jeevika #Muzaffarpur