#बालाघाट
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर आंगनवाड़ी केंद्रों में गूंजे भजन, बच्चों ने धारण की राधा-कृष्ण की वेशभूषा
विशेष भोज के साथ विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियों का हुआ आयोजन
शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री कुमार सत्यम एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग श्री देवेंद्र सुंदरियाल के निर्देशन में जिले के सभी विकासखंडों के आंगनवाड़ी केंद्रों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व उत्साह एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा बच्चों के लिए विशेष भोज की व्यवस्था की गई।
जन्माष्टमी के अवसर पर बच्चों को पौष्टिक एवं संतुलित भोजन उपलब्ध कराया गया। इसके साथ ही बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से जुड़ी विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों ने श्रीकृष्ण और राधा की मनमोहक वेशभूषा धारण कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों द्वारा भजन, नृत्य सहित अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। वहीं चित्रकला, रंग भरने एवं विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में भी बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित कराया गया। साथ ही खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में सहभागिता, रचनात्मकता और सामाजिक व्यवहार को बढ़ावा दिया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस विशेष आयोजन का उद्देश्य बच्चों को पोषणयुक्त आहार उपलब्ध कराने के साथ उनके शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक विकास को प्रोत्साहित करना तथा उनमें भारतीय सांस्कृतिक विरासत और नैतिक मूल्यों के प्रति रुचि एवं समझ विकसित करना रहा।
#mp_wcdmp
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#healthminmp
13 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Sep 4, 2026