#गुना - सांदीपनि विद्यालय में मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सांदीपनि, गुना में भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर चार दिवसीय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मध्यप्रदेश शासन, स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की प्रेरणा एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री एस.एस. राठौर के मार्गदर्शन में आयोजित हुए।
विद्यालय का नाम भगवान श्रीकृष्ण के गुरु महर्षि सांदीपनि के नाम पर होने के कारण आयोजन को विशेष रूप दिया गया। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, शिक्षाओं एवं जीवन-मूल्यों से परिचित कराने के साथ विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
पहले दिन श्रीकृष्ण की शिक्षाओं एवं बाल लीलाओं पर व्याख्यान हुआ। विद्यार्थियों को उनके जीवन-दर्शन, नेतृत्व क्षमता, कर्तव्यबोध और सकारात्मक सोच के बारे में जानकारी दी गई। दूसरे एवं तीसरे दिन विद्यार्थियों ने कंस वध, कालिया मर्दन, गोवर्धन पर्वत धारण और रासलीला सहित विभिन्न प्रसंगों पर आधारित प्रस्तुतियां दीं।
चौथे दिन भगवान श्रीकृष्ण का पूजन एवं भव्य झांकी के साथ जन्मोत्सव मनाया गया। इस दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और भक्तिमय वातावरण रहा।
विद्यालय के प्राचार्य श्री आशीष टांटिया ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन ज्ञान, कर्म, साहस, नेतृत्व और कर्तव्यबोध की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से श्रीकृष्ण के जीवन-मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
#Guna CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Gwalior Commissioner Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh Department of School Education, Madhya Pradesh
92 views | Guna, Madhya Pradesh | Sep 4, 2026