#गुना - 20 घंटे के सामुदायिक मध्यस्थता प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नालसा नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार एवं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गुना श्री अमिताभ मिश्र के मार्गदर्शन में दिनांक 01 से 03 सितंबर 2026 को 20 घंटे का सामुदायिक मध्यस्थता प्रशिक्षण कार्यक्रम होटल द ग्रैंड कस्तूरी गुना मे आयोजित किया गया।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नालसा नई दिल्ली Community Mediation Towards a Litigation Free Rural India के अंतर्गत आयोजित किया गया। उक्त कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय विवादों का मध्यस्थता के माध्यम से आपसी सहमति, समझ और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सुलझाकर गांवों को विवाद विहीन बनाना एवं न्यायालय में मुकदमों की संख्या को कम करना है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गुना द्वारा 03 दिवस आयोजित किए गए 20 घंटे के सामुदायिक मध्यस्थता प्रशिक्षण कार्यक्रम में गुना जिले के विभिन्न ग्रामों जैसे भुलाए, रामनगर, रूठियाई, भदौरा, आरोन, भिड़रा एवं गुना से चयनित किए गए 30 सामुदायिक मध्यस्थों को व्यवहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर से नामांकित वरिष्ठ प्रशिक्षक श्रीमती अनुजा सक्सेना नई दिल्ली एवं सह प्रशिक्षण सुश्री संगीता श्रीवास्तव जबलपुर द्वारा दिया गया।
उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गुना श्री अमिताभ मिश्र द्वारा उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सामुदायिक मध्यस्थता केवल विवाद सुलझाने का जरिया न होकर समाज में शांति, सदभाव एवं आपसी विश्वास को मजबूत बनाने का पवित्र कार्य है। ग्रामीण मध्यस्थों की भूमिका न्याय व्यवस्था की रीढ़ साबित होगा। साथ ही समाज में समरसता को वातावरण निर्मित होगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन के अवसर पर कार्यक्रम में सम्मिलित हुए प्रतिभागियों द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम से हुए लाभों के बारे मे बताते हुए व्यक्त किया गया कि उक्त प्रशिक्षण के माध्यम से वे अपने-अपने ग्रामों में राजीनामा योग्य प्रकरणों में मध्यस्थता के माध्यम से विवादों का निराकरण कर सकेंगे। साथ ही समाज के अन्य लोगों को भी मध्यस्थता के माध्यम से प्रकरणों का निराकरण करने हेतु प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम के अंत मे श्रीमती वंदना त्रिपाठी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गुना द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित हुए अतिथिगणों, प्रतिभागीगणों एवं प्रशिक्षकों का आभार प्रदर्शित किया गया। उक्त अवसर पर श्री राकेश कुमार जैन विशेष न्यायाधीश, श्री सुरेश कुमार सूर्यवंशी जिला न्यायाधीश, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री मधुलिका मुले सहित अन्य न्यायाधीशगण, श्री सर्वेश चतुर्वेदी जिला विधिक सहायता अधिकारी एवं जिला प्राधिकरण गुना के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
#Guna CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh
83 views | Guna, Madhya Pradesh | Sep 3, 2026