ईद मिलादुन्नबी को लेकर बरगवां में शांति समिति की बैठक
बरगवां। जश्ने ईद मिलादुन्नबी त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर थाना बरगवां में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) सिंगरौली सुश्री रोशनी कुर्मी की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न गांवों के वरिष्ठ नागरिक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बैठक में ग्राम बगदरी, कसार, गौड़वाली, चिनगी टोला, तेलदह, बरगवां सहित अन्य स्थानों से आए नागरिकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी ली गई तथा कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से त्योहार के दौरान आपसी भाईचारा एवं शांति बनाए रखने की अपील की। साथ ही आयोजन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी लोग प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करें।